कमासिन। बबूल का पेड़ काटने के विवाद में मंगलवार को सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने तमंचा निकालकर दूसरे पक्ष के युवक के सीने में अड़ाकर फायर करना चाहा, पर फायर मिस हो गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तमंचा छीन लिया। आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तमंचा और कारतूस अपने कब्जे में ले लिया।
मर्का थाना क्षेत्र के बढ़इया डेरा में रामनरेश निषाद व मुन्ना यादव (भुजरख) के बीच पिछले एक साल से बबूल के पेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को सुबह रामनरेश निषाद (खेरवा), मुन्ना और छोटू के साथ मौके पर पहुंचा और बबूल के पेड़ की लकड़ी ले जाने लगा। मुन्ना यादव ने मना किया। इस पर रामनरेश और उसके साथियों ने उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया।
इसी बीच रामनरेश ने तमंचा निकालकर मुन्ना यादव के सीने में अड़ाकर फायर करना चाहा जो मिस हो गया। मुन्ना आदि ने तमंचा छीन लिया। हमलावर भाग गए। थाने के एसआई मौके पर पहुंचे और तमंचे को अपने कब्जे में लिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष राकेश सरोज ने बताया कि रामनरेश की तहरीर पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।