बांदा। जिले में डेंगू के दो और मरीज मिले हैं। इसके साथ ही इस सीजन में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। इनमें 45 मरीज सरकारी अस्पतालों में और नौ निजी अस्पतालों में मिले हैं।
नए मरीजों में बबेरू क्षेत्र के पिस्ता गांव निवासी अली रजा (21) और शहर के डिग्गी चौराहा निवासी फजल (11) शामिल हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में शुक्रवार को बुखार से पीड़ित 16 मरीजों के नमूने लिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने महुआ ब्लॉक के खमहौरा, बबेरू के हरदौली और शहर के कटरा में अभियान चलाया। इस दौरान 153 घरों का निरीक्षण किया गया। एक घर में लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया। 73 मलेरिया स्लाइड बनाई गईं।
टीमों ने जलभराव वाले स्थानों पर लार्वा नष्ट करने के लिए दवा का छिड़काव किया। खम्हौरा में पैराथ्रम टेक्निकल का छिड़काव भी कराया गया। लोगों को पर्चे बांटकर डेंगू से बचाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।