पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश राम सिंह।
- फोटो : BANDA
बांदा/अतर्रा। महिला के साथ दो लाख रुपये की लूट के आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली दोनों के पैरों पर लगी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की पैरों में गोली मारने पर दबोचे जाने वाले बदमाशों की संख्या अब बढ़कर सात हो गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि एसओजी और अतर्रा पुलिस ने शनिवार को सुबह अतर्रा-बदौसा रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोका तो भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी गोली दोनों के पैरों में लगी और गिर पड़े। दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में राम सिंह पुत्र मंगल और शनि सिंह पुत्र वीर हैं। यह दोनों छतरपुर (एमपी) जनपद के चंदला थाना क्षेत्र के हैं। इनके पास 315 बोर तमंचे और कारतूस तथा लूटे गए 56,150 रुपये, बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एसपी ने बताया कि 8 मार्च को अतर्रा से बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर जा रही महिला से बदौसा थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में इन दोनों बदमाशों ने एक लाख लूट लिए थे। बदौसा थाने में रिपोर्ट दर्ज है। मुुठभेड़ करने वाली टीम में अतर्रा थानाध्यक्ष हरिशंकर सिंह, एसओजी प्रभारी मयंक चंदेल, एसआई राजेश कुमार मिश्र व पवन पांडेय, हेड कांस्टेबल महेश सिंह, कुलदीप, धीरेंद्र और कांस्टेबल अश्वनी, भानू, पुष्पेंद्र तथा सत्यम आदि शामिल रहे।
पुलिस मुठभेड़ में घायल बदमाश शनि सिंह।- फोटो : BANDA