Two hours of light was on in the medical college, patients were helpless
- फोटो : BANDA
बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में रविवार को शाम लगभग दो घंटे से बिजली रही। इससे स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं। वार्डों में भर्ती लगभग दो सौ मरीज उमसभरी गर्मी में बिलबिला उठे। दर्जनों मरीज और तीमारदार वार्डों से बाहर आ गए।
फाल्टों के चलते मेडिकल कॉलेज की बिजली गुल होने का सिलसिला थम नहीं रहा। एक पखवारे में चौथी बार घंटों के लिए बिजली गुल हुई है। रविवार की शाम 6 बजे तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर का जंफर जलने से फिर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी करीब 7.50 बजे फाल्ट को दुरुस्त कर पाए। इस दौरान आईसीयू, स्त्री रोग, नाक, कान, गला, हड्डी रोग और टीबी रोग विभाग व जनरल समेत लगभग 10 वार्डों में अंधेरा छाया रहा। इनमें करीब 200 मरीज भर्ती हैं। बिजली गुल हो जाने पर उमस से मरीज और उनके तीमारदार परेशान रहे। जनरल वार्डों में अंधेरा पसरा रहा। मोबाइल की रोशनी से काम चलाया। गर्मी से परेशान तमाम तीमारदार अपने मरीजों को वार्डों से बाहर ले आए।
बिजली विभाग के अवर अभियंता कांता प्रसाद ने बताया कि तेज हवा से हाईटेंशन लाइन टकराने पर ट्रांसफार्मर का जंपर फुंक गया था। इसे दुरुस्त करने में समय लगा। लगभग दो घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो गई।
आए दिन फाल्ट से बिजली गुल होती है। इस संबंध में पूर्व में डीएम को पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है। अब फिर फॉल्ट के चलते कॉलेज की बिजली कुछ समय के लिए गुल रही। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं बहाल रखी गईं।
- डॉ. मुकेश कुमार यादव
प्रधानाचार्य, रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज, बांदा।