Two die of diarrhea, ward full
- फोटो : BANDA
बांदा। डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती मासूम और वृद्ध महिला ने डायरिया से दम तोड़ दिया। रविवार को जिला अस्पताल की ओपीडी बंद होने पर ट्रामा सेंटर में मरीजों की भीड़ रही। लगभग 543 नए मरीजों ने इमरजेंसी में अपना इलाज कराया। इनमें अधिकतर उल्टी-दस्त, पेट दर्द, बुखार आदि के रोगी शामिल रहे। गंभीर 28 मरीजों को भर्ती किया गया है। अस्पताल के वार्ड फुल हो जाने से मरीजों को गैलरी में भर्ती करके इलाज किया जा रहा है।
बिसंडा पीएचसी क्षेत्र के कोर्रही गांव निवासी भिक्खू के 10 माह के पुत्र करन की उल्टी-दस्त से हालत बिगड़ गई। घरवालों ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। यहां शनिवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह तिंदवारी पीएचसी क्षेत्र के वासिलपुर गांव निवासी माया (65) पत्नी छुटकउना डायरिया से पीड़ित थीं। उन्हें गंभीर अवस्था में घरवालों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां शनिवार की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। अब तक डायरिया से तीन लोगों की जान जा चुकी है। सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र और ट्रामा सेंटर चिकित्साधिकारी डॉ. विनीत सचान ने बताया कि दवाएं, डीएनएस व एनएस बोतलें पर्याप्त हैं। ओआरएस की खपत बढ़ गई है।