बांदा। मौरंग खदान से निकलने वाले वाहन चालकों से जिला पंचायत के नाम पर अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से रुपये, रसीद बुक बरामद हुआ है। दोनों ने पुलिस पैलानी क्षेत्र के लल्लन महाराज का नाम बताया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चिल्ला थाने के उप निरीक्षक अंश त्यागी ने बताया कि 22 अक्तूबर को पपरेंदा-पैलानी मार्ग पर अवैध वसूली की शिकायत पर उन्होंने दो युवकों को पकड़ा। एक की पहचान बांदा के सर्वोदय नगर निवासी सौरभ सिंह के रूप में हुई। उसके पास से 2700 रुपये और 11 रसीद बुक मिलीं। रसीद बुक में जिला पंचायत बांदा का नाम और खनिज परिवहन शुल्क प्रति चक्कर व अन्य विवरण था। दूसरे की पहचान थाना चिल्ला के अतरहट निवासी सतेंद्र सिंह के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे करीब 20 दिन से ट्रक, ट्रैक्टर आदि वाहनों से वसूली कर रहे थे। वे थाना पैलानी के पिपरहरी निवासी जितेंद्र द्विवेदी उर्फ लल्लन महाराज के लिए काम कर रहे थे। यह रसीद उन्हीं ने दी। एसओ चिल्ला आनंद साहू ने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है।
वाहनों के हिसाब से अलग-अलग शुल्क तय
बांदा। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक वाहनों से वसूली के रुपये लल्लन महाराज को सौंपकर तय रकम लेते थे। अलग-अलग वाहनों से अलग-अलग रुपये लिए जा रहे थे। सूत्रों के अनुसार हर मौरंग खदान के संचालन शुरू होते ही उनके रास्ते पर और वर्तमान में डंप यानी मौरंग भंडारण स्थल के पास ऐसे लोग बैठते हैं। यह वाहनों से खुलेआम वसूली करते हैं। उनके पास जिला पंचायत के नाम की रसीदें रहती हैं। खनिज परिवहन शुल्क के नाम पर यह अवैध वसूली की जाती है।