बांदा। कमासिन थाना क्षेत्र के मुसीवां गांव स्थित अर्जुन चौराहे के पास बालू डंप से पीछे आ रहे बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर ने मरीज लेने जा रही 102 एंबुलेंस में टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि चालक और सवार लोग सुरक्षित बच गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार 102 एंबुलेंस मरीज लेने जा रही थी। इसी दौरान बालू डंप से पीछे की ओर आ रहा ट्रैक्टर अचानक सड़क पर आ गया और एंबुलेंस से टकरा गया। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं होने से उसकी पहचान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, बालू डंप के पास सड़क पर अक्सर ट्रकों की लंबी कतार लगी रहती है। इससे आवागमन प्रभावित होता है और राहगीरों को परेशानी होती है।
बालू डंप के आसपास उड़ती धूल और सड़क किनारे खड़े ट्रकों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। प्रभारी निरीक्षक संतोष ओझा ने बताया कि जांच की जा रही है।