फोटो- 14 गोविंद मिश्रा। फाइल फोटो
-देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा-जमालपुर गांव के बीच हादसा
- हमीरपुर निवासी गुरेह गांव में भंडारा में शिरकत करके लौट रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। रिश्तेदारी में भंडारे में शिरकत करके वापस हमीरपुर जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से आए खाली ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटे दोनों गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है।
हमीरपुर जनपद में भरुआ सुमेरपुर निवासी गोविंद मिश्रा (24) अपनी मां सुधा मिश्रा (60) के साथ देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव अपनी रिश्तेदारी में लल्लू तिवारी के घर रविवार को आए थे। गोविंद के ममेरे भाई अमित पांडे ने बताया कि यहां से भंडारे में शिरकत करके वह दोनों वापस बुलेट बाइक से वापस हमीरपुर जा रहे थे।
देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा-जमालपुर गांव के बीच पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े। गोविंद मिश्रा के सिर में चोट आई और उसकी मां सुधा के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सुधा को भर्ती कराया गया है। गोविंद दो भाइयों में छोटा अविवाहित था। वह हिंदुस्तान कंपनी भरुआ सुमेरपुर में काम करता था। पिता रामसजीवन मिश्र की पूर्व में निधन हो चुका है। देहात कोतवाली प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि ट्रक को पकड़ लिया है। चालक मौके से भाग निकला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।