फोटो- 28 गिरफ्तार उमेश। स्रोत- पुलिस।
-शहर कोतवाली क्षेत्र में दिया था घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। छलपूर्वक एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अन्तर्राज्यीय शातिर को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी-चोरी के 19 हजार 500 रुपये बरामद किए गए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के निवासी सुनील कुमार ने 20 फरवरी को कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि 16 फरवरी को उसके साथ दो अज्ञात व्यक्तियों ने एटीएम में सहायता के बहाने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के माध्यम से प्रतापगढ़ के थाना जठवारा क्षेत्र के काछा बोधराम का पुरवा निवासी उमेश को पल्हरी नहर रोड बड़ा बाईपास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसके एक अन्य साथी रवि उर्फ भीमा के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ छलपूर्वक एटीएम बदलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दोनों आरोपी एटीएम मशीनों के आसपास पहले से मौजूद रहकर पैसे निकालने में असमर्थ अथवा सहायता मांगने वाले व्यक्तियों को अपने झांसे में लेता था। सहायता के बहाने आरोपी चतुराई से पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल लेता था तथा बातचीत, भ्रम एवं मानसिक दबाव बनाकर उसका पिन नंबर ज्ञात कर लेता था। इसके पश्चात अलग-अलग एटीएम से पीड़ितों के खातों से धनराशि निकाल लेता था। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी के 19 हजार 500 रुपए बरामद किया गया है । अन्य अभियुक्त रवि उर्फ भीमा की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी टीम में मंडी समिति चौकी प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी आदि शामिल रहे। उमेश के खिलाफ प्रतापगढ़ में चार मुकदमे दर्ज हैं।