Truck going to mine crushed bike riding farmer
- फोटो : BANDA
खप्टिहा कलां। बालू खदान जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। कानपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उधर, घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। चालक भाग निकला। सड़क पर अवरोध लगाकर जाम लगा दिया। छह घंटे बाद अफसरों के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। किसान हेलमेट नहीं लगाए था।
सोमवार को सुबह जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव का रामऔतार (45) पुत्र चुन्नू बाइक पर बांदा आ रहा था। पैलानी थाना क्षेत्र में मक्केश्वर बाबा स्थान के पास बरेहटा खदान बालू लेने जा रहे खाली ट्रक ने रामऔतार की बाइक को टक्कर मार दी। वह गिरकर ट्रक के नीचे आ गया। उसके दोनों पैर कुुचल गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फूलचंद्र निषाद ने अपने वाहन से उसे कानपुर भेजा। लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। उधर, चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ करने के बाद सड़क पर अवरोध रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी नगर आलोक मिश्रा, जसपुरा थानाध्यक्ष आलोक सिंह, पैलानी तहसीलदार राजीव निगम, तिंदवारी थाना इंसपेक्टर नीरज कुमार सिंह, देहात कोतवाली एसआई भगवानदीन सहित जसपुरा व पैलानी का फोर्स मौके पर पहुंच गया। आक्रोशित ग्रामीण और परिजन फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा की मांग कर रहे थे।
अफसरों के देर तक समझाने और नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाने आदि के आश्वासन के बाद करीब 3 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। मृतक के पुत्र हिम्मत ने बताया कि अगले माह बहन की शादी है।
उसी का कुछ सामान लेने पिता रामऔतार बाइक से बांदा जा रहे थे। मात्र ढाई बीघा जमीन है। गांव में लगी आटा चक्की के सहारे परिवार का गुजारा हो रहा है। मृतक की पत्नी सुमन के तीन पुत्र हैं। जिसमें दो नाबलिग हैं।