अतर्रा। चित्रकूट जनपद के सिजवारा बरम बाबा धाम से मुंडन संस्कार से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर ट्राली यहां राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के हाईवे पर बाइक सवारों को बचाने में पलट गई। ट्राली पर सवार 32 यात्री गिरकर घायल हो गए। 10 को गंभीर चोटें आने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को सीएचसी से मरहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना शुक्रवार की रात करीब 10 बजे की है। यहां इंजीनियरिंग कॉलेज के पास हाईवे पर तेज रफ्तार ट्राली के सामने बाइक सवार आ जाने पर चालक स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो बैठा और ट्राली सड़क किनारे पलट गई। ट्राली सवार सभी यात्री दूर-दूर जा गिरे।
घायल सभी यात्री शहर कोतवाली क्षेत्र के झंझरा पुरवा के बताए गए हैं। घायलों को 108 व 102 एंबुलेंस से अतर्रा सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कुलदीप (12) पुत्र श्रीपाल, राजा भैया (40) पुत्र रामकृपाल, रज्जन (40) पुत्र देवी दयाल, चुनबाद (50) पुत्र शिवरतन, विनोद (28) पुत्र देवीदयाल, रामबाबू (26) पुत्र सदाशिव, गोरेलाल (27) पुत्र लखनलाल, घंसौर (18) पुत्र फल्गु, चंद्रपाल (50) पुत्र हरिदास, सुमन (25) पत्नी विनोद को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
अन्य को मरहम-पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। उधर, जिला अस्पताल में सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र सिंह और नगर क्षेत्राधिकारी आलोक मिश्र ने घायलों से मिले और उनके इलाज की व्यवस्था कराई। अतर्रा सीएचसी में एसडीएम जेपी यादव और सीओ सत्यप्रकाश शर्मा ने घायलों का हालचाल लिया। यह सभी झंझरा पुरवा निवासी विनोद के एक वर्षीय पुत्र के मुंडन संस्कार में गए थे।
ट्राली पलटी, एमपी के 25 श्रद्धालु घायल
बांदा। सीमावर्ती मध्य प्रदेश से जवारा विसर्जन को बांदा केन नदी आ रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली राजकीय मेडिकल कालेज के पास बांदा-नरैनी मुख्य मार्ग पर शनिवार की शाम को पलट गई। ट्राली पर सवार लगभग 25 यात्री घायल हो गए।
एंबुलेंस सेवा 108 व 102 के कार्यक्रम प्रबंधक उमेश द्विवेदी ने बताया कि इनमें 11 को 6 एंबुलेंसों से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया है। अन्य को मामूली चोट आने पर प्राथमिक उपचार किया गया। सभी घायल सीमावर्ती मध्य प्रदेश के अजयगढ़ (पन्ना) थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के बताए गए हैं। जिला अस्पताल में मुलायम (18), रामचंद्र (36), रामसजीवन (35), कौशिल्या (14), नीतू (16), लक्खू (35), रामदीन (45), अंजू (14), बाबू (17) और नीता (35) को भर्ती कराया गया है।