बांदा। मिशन शक्ति के तहत शनिवार को जनपद के सभी पुलिस थाने तीन घंटे के लिए महिलाओं और बालिकाओं के हवाले कर दिए गए। थाना इंसपेक्टर/थानाध्यक्ष की सीट पर बैठकर महिलाओं और छात्राओं ने थाना इंचार्ज की सटीक भूमिका अदा की और आम लोगों की फरियादें सुनीं। सार्वजनिक स्थलों पर गश्त किया। एक साथ सभी थानों में यह आयोजन पुलिस अधीक्षक डा. एसएस मीणा ने निर्देश जारी किए थे। इसके पूर्व यहां के तत्कालीन डीएम हीरालाल ने छात्र-छात्राओं को कई विभागों में एक दिन का अधिकारी बनाने की मुहिम चलाई थी।
बबेरू कोतवाली में जेपी शर्मा इंटर कॉलेज की 9वीं की छात्रा जूही कसौंधन तीन घंटे तक इंस्पेक्टर बनीं। एसडीएम सौरभ शुक्ला, सीओ आनंद कुमार पांडेय, कोतवाल जयश्याम पांडेय, कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार, सत्येंद्र पाल, शिखा आदि मौजूद रहे। वहीं अतर्रा थाने में पीजी कालेज में एमए की छात्रा रीता सिंह तीन घंटे थाना इंस्पेक्टर की भूमिका में रहीं। कोतवाली का निरीक्षण किया।
फरियादियों से समस्याएं सुनीं। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्रा, एसएसआई अवनींद्र सिंह, महिला कांस्टेबल साधना गुप्ता, आरती, ज्योति उपाध्याय आदि उपस्थित रहीं। उधर, बिसंडा थाने में शाहपुरसानी गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की अनुदेशक अनुराधा गौतम की इंस्पेक्टर की कुर्सी पर बैठीं और फरियादें सुन कस्बे में भ्रमण कर अतिक्रमण करने वालों को फटकारा। इस मौके पर इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह, एसएसआई अनिल सिंह, एसआई हरीशचंद्र शर्मा, अखिलेंद्र प्रताप सिंह, महिला सिपाही पूजा यादव, प्रियंका यादव, प्रतीक सिंह, रोहित यादव, अंकित आदि मौजूद रहे।
उधर, गिरवां थाने की कमान बीकाम की छात्रा महक अग्निहोत्री ने संभाली। उन्होंने परिसर का निरीक्षण और कार्यालय के अभिलेख देखे। सिद्धिदात्री विंध्यवासिनी खत्री पहाड़ में चल रहे नवरात्र महोत्सव का निरीक्षण किया। यहां पांच साल की खोई हुई बच्ची को उसके मां के सुपुर्द कर दिया।
इंस्पेक्टर बलजीत सिंह सहित महिला कांस्टेबल ट्विंकल, एसआई सतपाल सिंह, एसआई सूरज पांडेय आदि उपस्थित रहे। फतेहगंज थाने में छात्रा मुस्कान गुप्ता ने थाना प्रभारी की भूमिका निभाई और थाने का निरीक्षण कर कस्बे में भ्रमण किया। थानाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। नरैनी कोतवाली में इंटर की छात्रा आशा प्रभारी की भूमिका में रहीं। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक राकेश सरोज की उपस्थिति में चेकिंग अभियान चलाया।
बिसंडा थाने में थानाध्यक्ष की सीट पर फरियादियों की सुनवाई करतीं अनुराधा गौतम।- फोटो : BANDA