बांदा। उत्तर प्रदेश कोषागार कर्मचारी संघ ने प्रांतीय आहवान पर गुरुवार को यहां कोषागार कार्यालय गेट पर हड़ताल व धरना दिया। संघ अध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने कहा कि अपनी मांगों के लिए सभी कर्मचारी एकजुट हैं।
संरक्षक अजीत सिंह ने कहा कि लेखाकार और सहायक लेखाकार के मध्य 80-20 की जो व्यवस्था थी उसे शासन ने खत्म कर दिया है। इसे लेकर कर्मियों में रोष है। महामंत्री शिवकुमार लखेर ने कहा कि सचिवालय के समान के वेतनमान और पदों का वितरण पूरी तरह लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि सांकेतिक हड़ताल के बाद भी मांगें पूरी नहीं हुई तो हड़ताल की जाएगी। संचालन विवेक कुमार त्रिपाठी ने किया। सहायक कोषाधिकारी कमरूल हसन और आशीष सिंह ने भी संबोधित किया। सुरेश चंद्र सोनकार, भोला नाथ गुप्ता, प्रवीण कुमार, मनीष सिंह, श्याम बिहारी प्रजापति, ऋषभ प्रकाश, कल्याण चंद्र, कुबेर आदि शामिल रहे।