रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। साथ बैठा युवक का भतीजा उछलकर सड़क किनारे खाईं में जल रही आग में जा गिरा। बुरी तरह जलने से उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस कब्जे में ले ली है। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। यह भीषण हादसा रविवार को अतर्रा थाना क्षेत्र में हुआ।
चित्रकूट जिले के कलवारा खुर्द, पहाड़ी निवासी कमलेश कुमार (25) पुत्र चुनकीराम अपने भतीजे धीरेंद्र कुमार (13) पुत्र फूलचंद्र के साथ बाइक से रविवार दोपहर अपनी ससुराल मसुरी (खुरहंड) जा रहे थे। इलाहाबाद जा रही बांदा डिपो की बस ने अतर्रा नगर में तथागत स्कूल के पास बाइक को जोरदार टक्कर मारी।
कमलेश बस के नीचे जा गिरे। तभी चालक ने बस भगाने के प्रयास में उन्हें कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि भतीजा धीरेंद्र करीब 20 फिट दूर सड़क किनारे गहरी खंती में जा गिरा। यहां पहले से जल रही आग में वह जिंदा जल गया। सूचना पर आई पुलिस को खंती में पड़े धीरेंद्र की जानकारी नहीं हो सकी।
पुलिस कमलेश का शव लेकर सीएचसी आ गई। मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद परिजन थाने आए तो उन्होंने धीरेंद्र के भी साथ होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने दोबारा घटनास्थल पर छानबीन की तो खंती में धीरेंद्र का जला शव मिला।
पुलिस ने पंचनामे के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अतर्रा थानाध्यक्ष राकेश पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट-
आग के बारे में पालिका के ईओ से जवाब तलब
अतर्रा (बांदा)। नेशनल हाइवे के किनारे अतर्रा नगर पालिका कूड़ा डलवाती है। पालिका कर्मचारी इसमें आग लगा देते हैं। यही आग धीरेंद्र की मौत का कारण बन गई। लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचे एसडीएम एके पुष्कर से शिकायत की। कहा कि धुएं से जीना दूभर है। आग लगने का खतरा भी मंडराता रहता है। इस बाबत एसडीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से जवाब मांगा है।