जसपुरा (बांदा)। थाना क्षेत्र के झंझरी रोड स्थित रपटे के पास मंगलवार को दोपहर ढाई बजे करीब ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में दबकर ट्रैक्टर चालक व उसके हेल्पर की मौत हो गई। पुलिस ने जेसीबी से दोनों शवों को बाहर निकाला।
हमीरपुर के सिरसीकला गांव निवासी नारायण ने बताया कि उसका भाई अशोक कुमार (25) साथी हेल्पर राठ तिराहा निवासी पुष्पेंद्र (26) मंगलवार को सुबह नौ बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली में इंटरलाकिंग की ईंटें लादकर झंझरी गांव में डिलीवरी देने गए थे। ईंटें उतारकर लौटते समय दोपहर को झझरी रोड रपटे के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
हादसे में ट्रैक्टर चालक व हेल्पर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी। जसपुरा थाना प्रभारी सूरज पांडे ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों को बाहर निकाला। जसपुरा सीएचसी में दोनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
भाई ने बताया कि अशोक सात भाइयों में चौथे नंबर का अविवाहित था। मां बुधिया देवी हैं। पुष्पेंद्र की पत्नी पूनम और एक छोटा बच्चा है। पुष्पेंद्र दो भाइयों में छोटा था। मां शांति देवी हैं। जसपुरा थाना प्रभारी सूरज पांडे ने बताया कि ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ है।