बांदा। जिले में 75 फीसदी से अधिक मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ‘दस्तक दरवाजे तक’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए गांव गांव और कस्बे कस्बे जागरूकता रैली निकाली जा रही हैं।
जिलाधिकारी से लेकर तहसील स्तर तक अफसर प्रयास में जुटे हैं। इसी क्रम में रविवार को जीआईसी मैदान से विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने रैली को हरी झंडी दिखाई। स्कूली बच्चों ने घर घर जाकर मतदान के लिए प्रेरित किया।
वर्ष 2017 में जिले के 97 बूथों में 50 फीसदी से भी कम मतदान हुआ था। इनमें बांदा सदर तहसील के 33 बूथ शामिल थे। इन बूथों में अबकी मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रैली में डीएवी इंटर कॉलेज, आर्यकन्या इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज समेत कई विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे।
दिवारी नृत्य भी किया गया। इस दौरान स्वीप प्रभारी अधिकारी सुधीर कुमार, डिप्टी कलेक्टर सौरभ यादव, नगर मजिस्ट्रेट केशव नाथ गुप्ता, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा, तहसीलदार पुष्पक, दिव्यांगजन एवं सशक्तीकरण अधिकारी गीता सिंह, बीएसए रामपाल, डीआईओएस विनोद सिंह, ईओ बीपी यादव मौजूद रहे।
युवा मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करते डीएम अनुराग पटेल। संवाद - फोटो : BANDA