बांदा। जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव में
मंगलवार को 850 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।
सोमवार को तिंदवारी व जसपुरा से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्र पहुंच गईं।
जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट उनकी निगरानी में लगे रहे। दोनों ब्लाकों में
1348 मतदान कर्मी ड्यूटी में लगाए गए हैं। तिंदवारी में 1,32,775 और जसपुरा
ब्लाक में 82,120 मतदाता वोट डालेंगे।
मंगलवार को तिंदवारी ब्लाक
के 121 मतदान केंद्रों के 210 बूथों और जसपुरा ब्लाक के 67 मतदान केंद्रों
के 127 बूथों में वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा।
सोमवार
को तिंदवारी ब्लाक की 210 पोलिंग पार्टियां सत्य नारायण इंटर कालेज
(तिंदवारी) से मतदान केंद्रों को रवाना हुईं। यहां 21 पोलिंग पार्टियों में
84 कर्मचारी रिजर्व में रखे गए हैं। उधर, जसपुरा ब्लाक के लिए 127 पोलिंग
पार्टियां मधुसूदन दास इंटर कालेज (जसपुरा) से रवाना हुईं। यहां 13 पोलिंग
पार्टियों में 52 कर्मचारी रिजर्व में रखे गए हैं।
जोनल व सेक्टर
मजिस्ट्रेटों के साथ मोबाइल पुलिस बल तैनात किया गया है। जसपुरा ब्लाक में
दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ 7 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
सेक्टर मजिस्ट्रेट शांति व्यवस्था समेत मतदान औसत की जानकारी जोनल
मजिस्ट्रेटों को हर दो घंटे में उपलब्ध कराएंगे।
उधर, तिंदवारी
ब्लाक में तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
किए गए हैं। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान की शुरूआत से पोलिंग पार्टियों की
वापसी होने तक मतदान केंद्रों की निगरानी करेंगे। जसपुरा ब्लाक में 508 और
तिंदवारी ब्लाक में 840 मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं।