अतर्रा। थाना बिसंडा क्षेत्र के गांव पवई में राशन वितरण में अनियमितता के आरोप में उचित दर विक्रेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जांच में दुकान के स्टॉक से करीब 151 क्विंटल राशन कम मिला। कार्डधारकों ने ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद भी चार माह से राशन नहीं देने का आरोप लगाया था।
गांव निवासी प्रेमचंद्र और पिंटू ने लखनऊ में मुख्यमंत्री जनता दर्शन में कोटेदार रामबहादुर की शिकायत की थी। जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक अजीत सिंह और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बृजेंद्र कुमार की टीम ने 29 अक्तूबर को दुकान पहुंचकर जांच की।
इस दौरान करीब 50 कार्डधारकों ने बयान देकर बताया कि मशीन में अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। जांच में दुकान के अभिलेखों और उपलब्ध स्टॉक में भी अंतर मिला।
अनियमितताओं के चलते दुकान निलंबित कर दी गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को पूर्ति निरीक्षक ने बिसंडा थाने में कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। प्रभारी निरीक्षक सीपी तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।