अंबेडकरनगर में बुधवार को दिन भर कुछ इस तरह उमड़ते-घुमड़ते रहे बादल।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में बुधवार को रात हुई झमाझाम बारिश ने पारा चार डिग्री नीचे ला दिया। अधिकतम 47 से घटकर 43 और न्यूनतम 31 से गिरकर 27 डिग्री हो गया। लगभग पौन घंटे तक हुए तेज बारिश ने कई दिनों से गर्मी में बिलबिला रहे जनजीवन को भारी राहत दी। हालांकि मौसम जानकारों ने आगे तापमान फिर बढ़ने की संभावना जाहिर की है।
मई माह के पहले ही दिन से तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा था। भीषण तपिश और गर्मी से जनजीवन प्रभावित था। लोग बारिश की दुआएं कर रहे थे। बुधवार को दिन भर कड़ी धूप रही और देर शाम ठंडी हवाओं ने बारिश के संकेत दे दिए।
रात करीब नौ बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक बुधवार को बांदा में 1.5, चित्रकूट में 0.8, महोबा में 1.2 और हमीरपुर में 1.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड गई है। बारिश की वजह से तापमान में भी कमी आई।
बांदा में अधिकतम तापमान 43 व न्यूनतम 23.5, हमीरपुर में 44 व 24.6, महोबा में 44.2 व 24.2 और चित्रकूट में 43.5 व न्यूनतम 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस खां ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह बारिश हुई है। आने वाले एक-दो दिनों में मौसम साफ रहेगा और तापमान फिर बढ़ेगा।