बांदा/बबेरू। अलग-अलग कोतवाली क्षेत्रों में वृद्ध समेत तीन लोगों की अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने सर्प दंश की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारा गांव निवासी राजाभइया (75) सोमवार की दोपहर पूजन करने घर के पास स्थित बगिया में गए थे। वहां किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। घर आने पर परिजन उन्हें लेकर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि सर्प दंश की आशंका जताई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
दूसरी घटना में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के आंबेडकर नगर निवासी शिवबरन (38) सोमवार की रात घर में खाना खाकर सो गया था। उसी दौरान किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। सुबह होने पर पत्नी सुशीला ने उसे सीएचसी में दिखाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी ने बताया कि फेरी लगाकर गुब्बारा बेचते थे। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि परिजन सर्प दंश की आशंका जता रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
तीसरी घटना में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के सहबाजपुर गांव निवासी भुलिया (18) सोमवार की रात घर में चारपाई पर सो रही थी। तभी किसी जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया। परिजन उसे सीएचसी नरैनी लेकर पहुंचे। डॉ. लवलेश पटेल ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बरकोला प्रधान राजकुमार ने बताया कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता गोरेलाल ने सर्प दंश की आशंका जताई है।