अतर्रा (बांदा)। नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित कान्हा गोशाला में 24 घंटे के दौरान तीन गायों ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम कराए बिना कर्मियों ने गायों के शवों को ठिकाने लगा दिया।
जानकारी होने पर एसडीएम ने ईओ से स्पष्टीकरण मांगा है। बदौसा रोड पर कान्हा गोशाला का संचालन नगर पालिका परिषद के जिम्मे है। यहां गायों को ठंड से बचाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। स्ट्रीट लाइट टूटी भी है। गोवंश को चारा-भूसा की जगह सूखा पयार खिलाया जा रहा है। अव्यवस्था से तीन गोवंश की मौत हो गई है।
केमिस्ट एसोसिएशन मंडल अध्यक्ष रमेश शर्मा, कल्लूराम पांडेय, राकेश गौतम मेजर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और गोशालाओं में पर्याप्त व्यवस्था कराने की मांग की है। एसडीएम विजय प्रकाश तिवारी ने बताया कि गायों की मौत पर ईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।