पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार दो अन्य बदमाश।
- फोटो : पुलिस।
बबेरू (बांदा)। सराफ लूटकांड के तीन आरोपियों को मरका थाना व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा व लूट के 66 हजार रुपये और चोरी की बाइक बरामद की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज व क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि 25 जुलाई की शाम मरका थाना क्षेत्र के सरगना गांव निवासी सराफा व्यवसायी राजकरन सोनी उर्फ करन के साथ फतेहपुर जनपद के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लीला गांव निवासी प्रभाकर सिंह उर्फ चेतन सिंह, फरीदाबाद टिकरी गांव निवासी निशांत जोशी व अभिषेक सिंह ने लूट की घटना को अंजाम दिया था।
इस प्रकरण में मरका थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रविवार को सुबह मरका पुलिस और एसओजी ने मरका थाना क्षेत्र के सिरियाताला औगासी पुल के पास बाइक सवार तीनों को घेराबंदी करके रोक लिया। जिस पर प्रभाकर सिंह ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में प्रभाकर के पैर में गोली लग गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभाकर सिंह के खिलाफ फतेहपुर के गाजीपुर थाने में पांच मुकदमें दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष मरका अजीत सिंह व एसओजी प्रभारी कृष्णदेव त्रिपाठी आदि शामिल रहे।