बांदा। कालेश्वर विद्युत उपकेंद्र में तैनात कर्मचारियों की लापरवाही से पैलानी क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को लाइन में फाल्ट होने के चलते पूरे दिन बिजली गुल रही। इससे पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। बिना बिजली के लोग गर्मी में जहां हलाकान नजर आए वहीं पेयजल संकट से भी परेशान रहे।
पैलानी तहसील के अंतर्गत कालेश्वर विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। रविवार सुबह से लाइन में फाल्ट होने की वजह से बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। लोग एक-एक बाल्टी पानी हैंडपंपों से ढोते हुए नजर आए।
कस्बे के सुशील पांडे, अशोक द्विवेदी, राशिद खान, आत्म स्वरूप विश्वकर्मा, राजा मगरोठिया, इमरान खान, गुड्डू सोनी, संजय सोनी बाबूलाल गुप्ता आदि ने बताया कि आए दिन पूरा-पूरा दिन बिजली आपूर्ति ठप रहती है। प्रत्येक वर्ष विद्युत लाइन के रखरखाव के लिए लाखों रुपया मेंटेनेंस के नाम पर आता है और डकार लिया जाता है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से कालेश्वर पावर हाउस से खप्टिहा कलांं कस्बे की बिजली लाइन का फीडर अलग करने की मांग की है।