बांदा। देहात कोतवाली क्षेत्र के भज्जू पुरवा (गुरेह) में हुलास (50) पुत्र रामआसरे ने मंगलवार की शाम खपरैल में रस्सी से फांसी लगा ली। घटना के समय बेटी प्रीती व पत्नी गुडिय़ा पड़ोस में गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई कल्लू का कहना है कि हुलास टेंट हाउस में नौकरी करता था। तीन माह से उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। अक्सर वह घर से भाग जाता था। मृतक के तीन बच्चियां व दो बेटे है।
एक अन्य घटना में इसी कोतवाली क्षेत्र के बड़ेहा गांव में देवेंद्र सिंह (22) पुत्र रूपराम सिंह ने मंगलवार की रात कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। भाई राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उधर, चंदवारा (पैलानी) गांव में अपर्णा सिंह (34) व पाड़ा देव (नरैनी) में सुनीता (35) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। परिजन घटना की वजह नहीं बता सके।