बांदा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते डीसीएस।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद की यात्री संरक्षा और सुरक्षा टीम ने रेल अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के लिए हफ्ते भर की मोहलत दी है। गड़बड़ियां मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए चार अगस्त को फिर निरीक्षण करने और सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम), झांसी विनीत सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को आई टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास रेल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। दुर्घटना राहत यान (एआरटी) और मेडिकल राहत यान (एमआरटी) का निरीक्षण किया। इसमें उपलब्ध मेडिकल व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एआरटी में ट्रैक प्रेशर कमजोर मिला। टीम ने उपकरणों को चलवाकर भी देखा। लोको लॉबी के निरीक्षण में पायलटों से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्य संरक्षा अधिकारी एनपी सिंह ने रेल अधिकारियों को चेतावनी दी कि तीन अगस्त तक सब कुछ दुरुस्त कर लें। चार अगस्त को फिर निरीक्षण करेंगे। तब खामी मिली तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में वरिष्ठ संरक्षा अधिकारी (सीएसपी) एके मिश्रा, मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक पीके ओझा, डिप्टी सीएसओ राजेश कुमार शामिल थे। स्टेशन प्रबंधक बीपी वर्मा, यातायात निरीक्षक पीके सिंह (बांदा) व केकेे वर्मा (चित्रकूट), सीसीआई संजय कुमार, सीटीआई विनयदास, डिप्टी सीटीआई तारिक हुसैन भी शामिल रहे।