बांदा। जयमाल के दौरान पांच लाख रुपये और चार पहिया की गाड़ी की मांग पूरी न होने पर बारात वापस ले गए। पीड़ित पक्ष ने पिता-पुत्र के खिलाफ कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी पांच मई को थी। मोहल्ले के ही एक इंटर कॉलेज से शादी हो रही थी। तभी वर पक्ष से शहर के बंगालीपुरा निवासी दूल्हा राकेश व उसके पिता जुगेश ने जयमाल के दौरान पांच लाख रुपये और कार की मांग की। युवती ने कहा कि उसके माता-पिता रुपये और कार देने में सक्षम नहीं हैं।
इस पर वर पक्ष बारात वापस ले जाने लगे। इस पर दुल्हन ने 112 नंबर पर कॉल की तो पुलिस आई समझाया गया, लेकिन वह नहीं माने। तब युवती ने पिता-पुत्र के खिलाफ दहेज एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली इंस्पेक्टर बलराम सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर दहेज एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।