बांदा। सोने की 250 ग्राम गिन्नी खरीदने के लालच में आए झांसी निवासी सराफा व्यापारी को टप्पेबाजों ने ठग लिया। वार्ता के दौरान उसकी कार में रखा 12 लाख रुपये से भरा बैग अज्ञात लोग उठाकर ले भागे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
झांसी चौक बाजार निवासी रवींद्र सोनी ने बताया कि कुछ दिन पहले नेतुआपुरा निवासी महेश ने उनके परिचित विजय सोनी से संपर्क कर बताया था कि कुछ लोग 250 ग्राम सोने की गिन्नी बेचना चाहते हैं। विजय ने रवींद्र को बताया कि वह यह गिन्नी 12 लाख 50 हजार रुपये में दिलवा देगा। इसके बाद रवींद्र अपने पुत्र सोमिल और विजय के साथ 10 नवंबर को बदौसा पहुंचे। पीड़ित के अनुसार, बागे नदी पुल के आगे कार रोककर वे महेश व उसके साथ आए लोगों से बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान मौका पाकर दो अज्ञात व्यक्ति कार से 12 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग निकालकर फरार हो गए। जब तक रवींद्र गाड़ी तक पहुंचे, तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे। इसी बीच महेश और उसके साथ आए अन्य दो लोग भी मौके से लापता हो गए। रवींद्र का आरोप है कि महेश ने साजिश के तहत पूरी घटना को अंजाम दिलाया। पीड़ित ने महेश पुत्र भुल्ली निवासी नेटुआपुरा थाना इंदरगढ़ जिला दतिया सहित चार अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टप्पेबाजों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।