पैलानी। स्कूल के बाहर मारपीट कर रहे बच्चों को शांत कराना शिक्षक को महंगा पड़ा। दबंगों ने विद्यालय आकर शिक्षक को थप्पड़ मारकर गरिमा तार-तार कर दी। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पैलानी निवासी शिक्षक जय नारायण यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह कस्बा स्थित राजकीय इंटर काॅलेज में सेवारत हैं। बुधवार को मध्यावकाश के दौरान कार्यवश बस स्टॉप पहुंचे, जहां पर कुछ स्कूली बच्चे आपस में झगड़ा व मारपीट कर रहे थे। समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। बताया कि कुछ देर बाद सिंधनकला गांव के गोलू सिंह व अंश सिंह अपने अन्य सहयोगियों के साथ विद्यालय आए और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर थप्पड़ मारकर गरिमा का हनन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में मौजूद अन्य शिक्षकों को भी जानमाल की धमकी दी। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी सुखराम सिंह ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।