बांदा। अदालत में पेशी के दौरान आए दिन जेल में अपने साथ जुल्म और बदसलूकी की शिकायत करने वाले बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की जेल में सुरक्षा का एक और उपाय किया गया है। बैरक के आसपास ड्यूटी पर रहने वाले जेल कर्मियों को बॉडी कैम (कैमरे) से लैस कर दिया गया है। यानी सुरक्षा कर्मी हर क्षण कैमरे की कैद में रहेंगे। उनकी सारी गतिविधियां रिकार्ड होती रहेंगी। मुख्तार के बैरक में एक वक्त में पांच जेल सुरक्षा कर्मी तैनात रहते हैं।
पिछले वर्ष अप्रैल माह में पंजाब जेल से मुख्तार अंसारी को बांदा जेल लाया गया था। तब से वह यहीं हैं। तन्हाई बैरक में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच रखा गया है। बैरक और आसपास का इलाका सीसी कैमरों से लैस हैं। यह कैमरे सीधे लखनऊ स्थित जेल मुख्यालय से जुड़े हुए हैं। उधर, कई पेशियों में मुख्तार अंसारी ने अदालत में यह शिकायत दर्ज कराई थी कि जेल में उनके साथ जुल्म हो रहा है।
अधिकारी और सुरक्षा कर्मी तलाशी या सुरक्षा के नाम पर अभद्रता करते हैं। उन्हें नियमों के मुताबिक पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी जा रहीं। अभी हाल ही में 30 मार्च को मुख्तार अंसारी को लखनऊ पेशी में ले जाया गया था। लखनऊ की अदालत में भी मुख्तार ने जेल प्रशासन के रवैए पर शिकवा-शिकायतें की थीं।
अदालतें भी कई बार जेल प्रशासन को मुख्तार की सुरक्षा और सहूलियतों आदि के बारे में आदेश-निर्देश दे चुकी हैं। लेकिन अब प्रदेश सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्तार अंसारी की जेल बैरक में तैनात रहने वाले जेल बंदी रक्षकों को बॉडी कैम कैमरे लगा दिए गए हैं। यह उनकी वर्दी में लगाए गए हैं। जेल कर्मी की हर गतिविधि की रिकार्डिंग करेंगे। आसपास जो भी गतिविधियां होंगी वह भी इस कैमरे में कैद होंगी।
इन कैमरों को लखनऊ मुख्यालय से जोड़ा गया है। वहां बैठे अधिकारी 24 घंटे मुख्तार के बैरक पर नजर रख सकेंगे।
प्रभारी जेल अधीक्षक वीरेंद्र कुमार वर्मा ने मुख्तार की बैरक में तैनात जेल सुरक्षा कर्मियों को बॉडी कैम कैमरे से लैस किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह आटोमैटिक है। ड्यूटी दौरान हर गतिविधि की पूरी रिकार्डिंग होगी। फिलहाल 10 बाडी कैम प्राप्त हुए हैं। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की जेब में बॉडी कैम लगाए गए हैं।
रात में भी काम करते हैं बॉडी कैम
बांदा। बाडी कैम (कैमरे) सुरक्षा कर्मियों की बॉडी (शरीर) में ही कहीं फिट होते हैं। हेलमेट या वर्दी की जेब आदि में भी इन्हें लगाया जाता है। डिजाइन अलग-अलग होती है। कुछ कैमरे ऐसे होते हैं जो सरसरी निगाहों से अन्य लोगों को नजर नहीं आते। यह कैमरे कीमती भी बताए गए हैं। यह रात में भी काम करते हैं। कुछ कैमरों की नाइट विजन रेंज 50 फिट तक होती है। यह बैटरी संचालित रहते हैं।
---------------