बांदा। मानसिक रूप से परेशान वृद्ध ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। खुदकुशी करने से पहले उसने बहू को भी मायके भेज दिया। छोटे भाई की बहू किसी काम से घर पहुंची तो उसने घर में ताला बंद पाया। पुलिस को बुलाकर ताला तोड़ा गया तो अंदर वृद्ध फंदे से लटका मिला।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के उदयीपुरवा अंश नहरी गांव निवासी चुन्ना प्रसाद (59) ने गुरुवार की रात अपने घर के अंदर छप्पर की धन्नी से रस्सी से फंदा लगा लिया। शुक्रवार को सुबह उसके छोटे भाई की बहू शांति किसी काम से घर पहुंची तो दरवाजे में ताला लटका देखा। शंका होने पर उसने पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा तो अंदर चुन्ना को फंदे से लटका पाया।
बहू शांति ने बताया कि चुन्ना के दो पुत्र कुलदीप व राकेश हैं। दोनों बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। पत्नी राजाबाई की आठ साल पहले मौत हो चुकी है। शांति ने बताया कि घटना को अंजाम देने से पहले उसने अपनी बहू रोशनी को मायके भेज दिया था। बहू शांति के मुताबिक पत्नी के गुजरने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। नरैनी कोतवाल सुरेश सैनी ने बताया कि परिजन मानसिक रूप से परेशान रहने की बात कह रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।