करतल (बांदा)। करतल चौकी क्षेत्र के भवानीपुर अंश खलारी गांव में बदमाशों ने सो रहे ग्रामीण को चारपाई पर बांधकर पिटाई की। इसके बाद घर में रखे 50 हजार रुपये और जेवर लूट ले गए। नरैनी कोतवाली और चौकी करतल पुलिस ने सूचना के पांच दिन बाद भी न तो रिपोर्ट दर्ज की है और न ही बदमाशों का सुराग लगा पाई।
करतल चौकी क्षेत्र के भवानीपुर अंश खलारी निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि 20 जनवरी की रात किसी ने दरवाजा खटखटाया। खोलने पर असलहाधारी पांच बदमाश घुस आए और उसे चारपाई से बांध दिया। परिजनों को असलहा दिखाकर चुप करा दिया। बदमाशों ने उसको पीटा और घर का सामान तितर-बितर कर 50 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर लूट ले गए। अगले दिन राजेंद्र ने नरैनी कोतवाली पुलिस और करतल चौकी पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। करतल चौकी प्रभारी रवि कुमार ने कहा कि घटना संज्ञान में है। जांच की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ की जाएगी।