फोटो- 24 बाजार में पुष्य नक्षत्र पर बर्तन की खरीदारी करते लोग। संवाद
- पुष्य नक्षत्र पर बाजार में दिखी धनतेरस जैसी चहल-पहल
- सोन-चांदी से लेकर वाहन और बर्तनों की खूब हुई खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। दीपावली से पहले शुभ संयोगों से सजा पुष्य नक्षत्र का मंगलवार बांदा जनपद के व्यापारियों के लिए सौभाग्यशाली रहा। दिनभर बाजारों में रौनक देखने को मिली। आभूषण, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बर्तन, रियल स्टेट, रेडीमेड गारमेंट्स और मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले में सात करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने को अनुमान जताया गया है।
शहर के सराफा बाजार में दिनभर सोने-चांदी की खरीददारी चलती रही। कई ग्राहकों ने धनतेरस से पहले ही आभूषण व अन्य सामान खरीद लिए। ज्वैलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के मुताबिक केवल सराफा कारोबार ही डेढ़ करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। वहीं इलेक्ट्रॉनिक बाजार में एलईडी टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और मोबाइल की बिक्री में भी 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही। ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी ग्राहकों का उत्साह चरम पर दिखा। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिलीवरी के लिए शोरूम संचालकों को अतिरिक्त स्टाफ लगाना पड़ा। लगभग दो करोड़ रुपये के वाहन बिकने का अनुमान है।
रियल एस्टेट में भी बुकिंग में तेजी आई। कई लोगों ने इस शुभ योग में जमीन और मकान की रजिस्ट्री कराई। त्योहार की तैयारी में बर्तन, कपड़ा और रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों में भी जमकर बिक्री हुई। दुकानदारों के चेहरों पर संतोष और उम्मीद की चमक थी। व्यापार मंडल अध्यक्ष अमित सेठ भोलू का कहना है कि इस बार पुष्य नक्षत्र में हुआ कारोबार पिछले वर्ष की तुलना में करीब 20 फीसदी अधिक रहा, जिससे दीपावली पर बाजार में और तेजी की उम्मीद बढ़ गई है।