पानी संकट से जूझ रहे शहर के बाशिंदों का सब्र शनिवार को टूट गया। कई मोहल्लों के लोगों ने शहर की आदर्श पुलिस चौकी बलखंडीनाका के सामने तिराहे पर पानी के खाली बर्तन लेकर जाम लगा दिया। प्रशासन और जल संस्थान के विरोध में नारे लगाए। बाजार, महेश्वरी देवी मंदिर, कचहरी, जजी, अस्पताल, स्कूल-कालेज आदि के लिए यही सड़क है। इसे जाम किए जाने से डेढ़ घंटे तक अफरा तफरी रही। छात्र-छात्राओं के वाहनों को भी नहीं निकलने दिया।
काफी देर बाद सदर तहसीलदार अवधेश कुमार निगम और कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने उत्तेजित उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। चौकी इंचार्ज उपेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों में कांग्रेस नेता अल्लारक्खू, गुड्डन गुप्ता, चुन्नू सैनी, अनिल भारतीय, राकेश गुप्ता, हीरालाल, मायावती, दुलरिया, सावित्री, परशुराम, राजू, अमरजीत, महेश गुप्ता, अनिल कुमार आदि शामिल रहे। ब्यूरो
शहर क्षेत्र में पीने के पानी की मची हायतौबा पर क्षेत्रीय विधायक प्रकाश द्विवेदी 19 मई से जल संस्थान की खबर लेंगे। फिलहाल प्रदेश के आखिरी चरण में होने वाले चुनावों के प्रचार में जुटे विधायक ने बताया कि दो दिन पूर्व पेयजल संकट को लेकर डीएम हीरालाल से मिले थे। उनसे कहा था कि पेयजल के लिए संसाधन उपलब्ध कराएं। 90 प्लस अभियान की तरह इस पर भी काम कराएं।
विधायक ने कहा कि उन्होंने पिछले वर्ष की तर्ज पर अपनी खुद की व्यवस्था से शहर में 33 टैंकर लगाए हैं। यह बिना किसी भेदभाव के जलापूर्ति कर रहे हैं। 19 मई को प्रचार से फुर्सत पाते ही बांदा पहुंचेंगे और रोजाना सुबह शहर में खुद भ्रमण कर जलापूर्ति पर नजर रखेंगे। जल संस्थान अभियंताओं को साथ रखेंगे। विधायक ने कहा कि जलापूर्ति में कहीं भी ढिलाई या लापरवाही की बात सामने आई तो संबंधित अभियंता के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जरूर कराई जाएगी। ब्यूरो
शहर में भीषण पेयजल संकट के पीछे जल संस्थान अमृत योजना को जिम्मेदार ठहरा रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक योजना के तहत शहर में 1200 कनेक्शन किए गए। सभी को जलापूर्ति हो रही है। करीब एक लाख लीटर की और खपत बढ़ गई, जबकि योजना के तहत पहले फेज में जल स्रोत बचाना, दूसरे फेज में पाइप लाइनों की क्षमता बढ़ाना और तीसरे फेज में कनेक्शन देने की व्यवस्था है। ब्यूरो