बांदा। कुरसेजाधाम में चल रही रामकथा मेें सोमवार को दूसरे दिन कथावाचक विजय कौशल ने राम का औतार और बाल लीलाओं का वर्णन किया।
कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है प्रभु किसी न किसी रूप में अवतार लेते हैं। पापियों का विनाश कर धर्म की रक्षा करते हैं।
श्रद्धालुओं
को संबोधित करते हुए कथा वाचक ने बेटी बचाओ की भी चर्चा की। कहा कि
बेटियां घर आंगन की गौरव होती हैं। वह सौभाग्यशाली हैं जिन घरों में
बेटियां जन्म लेती हैं।
कथा वाचक ने कन्याओं के कुछ ऐसे प्रसंग
सुनाए कि श्रोताओं की आंखें नम हो गईं। पिता-पुत्री के बीच अनूठे प्रेम का
भी वर्णन किया। कहा कि राम के चरित्र जीवन में उतार लो, पूरा जीवन सुंदर बन
जाएगा।
इस अवसर पर रामकथा में विशेष रूप से उपस्थित आईटीबीपी
महानिरीक्षक राजाबाबू सिंह (आईपीएस) ने भी संबोधित किया। उन्होंने पर्यावरण
रक्षा, गोपालन, बेटी उत्थान और दुर्व्यसन त्यागने की शपथ दिलाई।
अधिवक्ता
राजेंद्र सिंह चौहान, कांग्रेस नेता लालू दुबे, राजीव द्विवेदी, कमलेश
तिवारी, शांती भूषण सिंह इत्यादि शामिल रहे। मेजबान और कुरसेजाधाम के संत
ने सभी का आभार जताया। रामकथा 28 फरवरी तक चलेगी।