बांदा। 33 केवी भूरागढ़ फीडर की लाइन टूट जाने पर शहर के आधा दर्जन मोहल्ले पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे। गनेश प्रतिमा पंडाल और मोहर्रम के ताजिया जुलूस भी अंधेरे में रहे। हजारों उपभोक्ताओं ने गर्मी और उमस में जागकर रात बिताई। सुबह जलापूर्ति भी बाधित रही। पावर कार्पोरेशन कर्मी रात में फाल्ट दुरुस्त नहीं कर सके। सुबह फाल्ट दुरुस्त होने पर आठ घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई।
शहर का भूरागढ़ फीडर सबसे महत्वपूर्ण है। जल संस्थान के इंटेकवेल भी इसी से जुड़े हैं। इनके अलावा केन नदी रोड, खुटला, मर्दन नाका, निम्नीपार, छिपटहरी सहित आधा दर्जन से ज्यादा मोहल्लों को इसी फीडर से आपूर्ति होती है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे यह सारे इलाके अंधेरे में डूब गए। कार्पोरेशन अभियंताओं ने व्हाट्सएप्प के जरिए कोई सूचना भी नहीं दी। पूरी रात बिजली गुल रही। जबरदस्त उमस और गर्मी में लोग बिलबिलाते रहे। उधर, मोहर्रम की तीसरी तारीख का ताजिया जुलूस अंधेरे में गुजरा। इन मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमा पंडाल भी अंधेरे में रहे। पीली कोठी सब स्टेशन का फोन आउट ऑफ आर्डर कर दिया गया।
सुबह अवर अभियंता रजनीश की देखरेख में लगभग एक दर्जन कर्मचारियों की टीम ने केन नदी किनारे जंगली झाडिय़ों के बीच टूटी लाइन को दुरुस्त करने का काम किया। सुबह सवा 7 बजे आपूर्ति बहाल हुई। कर्मचारियों की टीम में रामतेज, राजेंद्र, यूसुुफ, इस्लाम, अतीक, राजू, भोला, हबीब, शाकिर, नदीम, फैय्यम, सुरेंद्र आदि शामिल रहे। फीडर बंद रहने के बाद भी उप खंड अधिकारी या एक्सईएन मौके पर नहीं पहुंचे।
अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ने पर रिपोर्ट
बांदा। बिल बकाएदारी में पावर कार्पोरेशन टीम द्वारा काट दिए गए कनेक्शन को अवैध रूप से फिर जोड़ लेने पर सात उपभोक्ताओं के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
अवर अभियंता कांता प्रसाद, संविदा लाइन कर्मी कमाल अहमद और चालक विलायत हुसैन ने संयुक्त हस्ताक्षरों से कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि 25 अगस्त को कनेक्शन काटे गए थे। मंगलवार (3 सितंबर) को वह चेकिंग में निकले तो यह कनेक्शन जुड़े मिले।
इन सभी उपभोक्ताओं पर कई लाख रुपये बकाया है। नामजद उपभोक्ताओं में रज्जाक शेख (गुरुद्वारा, छावनी), जानू पुत्र फहीम खां (स्टेशन रोड), मिर्जा बेग (पालीवाल भवन रोड), सुशीला देवी (रहुनिया), जैतुन निशा (रहुनिया), शीला देवी (गणेश भवन), मंसूर खां (स्टेशन रोड) शामिल हैं। उधर, उप खंड अधिकारी अतुल कुमार ने भी कोतवाली प्रभारी को पत्र भेजकर निम्नीपार निवासी मोहम्मद अशरफ के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करने को कहा है। यहां बिजली चोरी बताई गई है।