शनिवार को दोपहर रेलवे स्टेशन पर खड़ी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन और मौजूद यात्री।
- फोटो : संवाद
बांदा। महाकुंभ पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। प्रयागराज जाने के लिए बांदा स्टेशन पहुंची महाकुंभ स्पेशल ट्रेन की बोगियों के गेट यात्रियों ने अंदर से ही बंद कर रखे थे। स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो यात्रियों ने गेट खटखटाया, लेकिन गेट नहीं खुले। जीआरपी ने यात्रियों को डांटा-डपटा और गेट खोलने के लिए कहा, लेकिन एक भी गेट नहीं खुले। बुंदेलखंड एक्सप्रेस में भी चार ही गेट खुले मिले।
महाकुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने प्रयागराज रूट पर 12 से अधिक ट्रेनें संचालित की हैं, लेकिन वह भी नाकाफी साबित हो रही हैं। शनिवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे महाकुंभ मेला स्पेशल ट्रेन रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन में सवार होने के लिए लगभग डेढ़ हजार से अधिक यात्री प्लेटफार्म पर मौजूद थे। ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने बोगियों के गेट खटखटाना शुरू किए, लेकिन ट्रेन में सवार यात्रियों ने पहले से ही गेट अंदर से बंद कर रखे थे। गेट नहीं खुले। हो-हल्ला मचा तो जीआरपी मौके पर पहुंची। यात्रियों को गेट खोलने के लिए डांटा-डपटा, लेकिन गेट नहीं खोला गया। पांच मिनट स्टापेज के बाद ट्रेन प्रयागराज की ओर बढ़ गई और स्टेशन पर मौजूद यात्री टिकट लिए खड़े ही रह गए। लगभग एक घंटे बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन बांदा स्टेशन पहुंची। उस ट्रेन की 16 बोगियों में से मात्र चार गेट ही खुल पाए। तब कहीं जार कुछ यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हो सके। जीआरपी थाना प्रभारी नवेंदु शेखर अग्निहोत्री ने कहा कि स्टेशन पर आने वाली ट्रेन की बोगियों के गेट खुलवाकर यात्रियों को गंतव्य तक भेजा जा रहा है। कुछ बोगियों के गेट यात्रियों ने अंदर बंद कर रखे थे।