The family created a ruckus due to the indecency of the police
- फोटो : BANDA
अतर्रा। थाना पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाकर मां ने बेटा व बेटी संग राष्ट्रीय राजमार्ग में धरना देकर जाम लगा दिया। तीनों हाईवे में लेट गए। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। समझाने पहुंची पुलिस से तीखी नोंकझोंक हुई। जाम लगाए परिवार को पुलिस जबरन घसीटकर थाने ले आई। अपर एसपी का कहना है कि जाम लगाने पर परिवार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नरैनी रोड सिविल लाइन निवासी कांती देवी और उसके पुत्र सुरेश उर्फ लाली व पुत्री लवली ने बुधवार को दोपहर थाने के सामने जमकर हंगामा किया और बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग में लेटकर जाम लगा दिया। पुलिस के रवैए पर जमकर कोसा। परिवार का आरोप है कि पड़ोसी चोरी का आरोप लगाकर अभद्रता कर रहे हैं।
सुरेश ने थाने में इसकी शिकायत की तो पुलिस ने अनसुना कर दिया और उल्टा उसके साथ अभद्रता की। इसके पूर्व पुलिस ने सुरेश का शांतिभंग में चालान कर दिया था। पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने से नाराज होकर आंदोलन का रुख अपनाना पड़ा। थाना इंसपेक्टर अरविंद सिंह गौर ने परिवार को समझाने का प्रयास किया। लेकिन नहीं माने। बाद में पुलिस मां-बेटा व बेटी को जबरन उठाकर थाने ले गई।
लगभग पौन घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। अपर एसपी महेंद्र प्रताप चौहान ने बताया कि जाम लगाने पर परिवार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उधर, यह भी बताया गया कि इंसपेक्टर ने मीडिया कर्मियों से भी बदसलूकी की। इसकी शिकायत प्रयागराज जोन अपर पुलिस महानिदेशक से की गई है।