बांदा। मुरवल-पल्हरी से शिव-बिसंडा मार्ग पर सफर करने वालों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने इसके चौड़ीकरण और मरम्मत के लिए करीब 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है।
यह मार्ग करीब 21 किलोमीटर लंबा है, जिसमें से 14 किलोमीटर हिस्से की हालत खराब है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त और संकरी होने के कारण राहगीरों को परेशानी होती है। इससे सफर में अधिक समय लगता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रस्ताव के तहत 14 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत भी कराई जाएगी। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। सड़क दुरुस्त होने से आवागमन सुगम होगा और समय की बचत होगी।