बांदा। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवा व्यापारी की मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, जीप-कार की भिड़ंत में तीन घायल हो गए। टेंपो पलटने समेत अन्य घटनाओं में पांच जख्मी हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। मरका थाना क्षेत्र के समगरा गांव निवासी रामचंद्र (23) पुत्र जागेश्वर साहू तिंदवारी के प्रेमनगर में रहकर बिसात खाने (जनरल स्टोर) की दुकान किए था। तिंदवारी क्षेत्र के कुरसेजाधाम मेला में उसने दुकान लगाई थी। पड़ोसी राधेश्याम (25) निवासी दतौरा की भी मेला में दुकान है। मंगलवार की रात दोनों बाइक पर तिंदवारी से सामान लेकर कुरसेजा मेला जा रहे थे। सैमरी नाले के नजदीक सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रक समेत भाग निकला। कुरसेजा चौकी पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रामचंद्र को मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वह इकलौता पुत्र था और अपने पीछे गर्भवती पत्नी व दो साल की पुत्री छोड़ गया है। घायल राधेश्याम का यहां जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
उधर, अतर्रा क्षेत्र के नंदना गांव निवासी मोबाइल टावर टेक्नीशियन अवधेश (35) पुत्र राजबहादुर गांव के रामनरेश (45) के साथ बुधवार को सुबह जीप से चिल्ला गांव जाते समय शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक सामने से आ रही इंडिका कार की भिड़ंत हो गई। अवधेश व रामनरेश समेत कार सवार जमालपुर (देहात कोतवाली) निवासी रामजी (28) पुत्र रमाकांत भी घायल हो गया। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। एक अन्य घटना में महोबा जिले के सुनैचा गांव निवासी प्रमोद (20) पुत्र बिंदराज व अजय (28) पुत्र नवल और कबरई निवासी सोनू (17) पुत्र रमेश मंगलवार को रात बांदा आते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेवई गांव के नजदीक टेंपो पलट जाने से घायल हो गए। उधर, महोबा जिले के सुरहा गांव निवासी गुड़िया (30) बुधवार को दोपहर पति अवधेश के साथ बांदा आते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटौंध कस्बे के नजदीक स्पीड ब्रेकर में बाइक उछल जाने से गिरकर घायल हो गई। तीन वर्षीय पुत्र सौरभ भी घायल हो गया।