भाकपा (माले) के घोषणा पत्र जारी करते पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने बुधवार को विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया। बैठक में बुंदेलखंड प्रभारी और राज्य स्थाई समिति सदस्य रमेश सिंह सेंगर ने फासीवादी नीतियों और बिगड़ी कानून व्यवस्था पर केंद्र व प्रदेश सरकारों को जिम्मेदार ठहराया। कताई मिल के पास स्थित चुनाव कार्यालय में भाकपा (माले) के नेताओं ने पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इसके बाद बैठक कर चुनाव की रणनीति बनाई।
बुंदेलखंड प्रभारी श्री सेंगर ने दावा कि इस चुनाव में पार्टी ताकत बनकर उभरेगी। सदर प्रत्याशी रामप्रवेश यादव ने कहा कि मात्र माले एक ऐसी पार्टी है जो जनता के लिए संघर्ष करती है। राजबहादुर वर्मा ने प्रत्याशियों को जिताने के लिए एकजुट होने को कहा। जलील और दीपक कुमार ने पार्टी नीतियां घर-घर पहुंचाने और मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की। बैठक में आइसा नेता शिवा रजवार, भगवती प्रसाद, राजबहादुर अनुरागी, कैलाश सिंह, मूलचंद्र, सुशीला साहू, शेखू प्रजापति, सावित्री, मीरा साहू, बब्बू आदि मौजूद रहे।