नेट बैंकिंग से जुड़ने के बाद अब डाक विभाग में भी ग्राहकों को बीमा और एटीएम की सुविधाएं मिल रही हैं। डाक विभाग के एटीएम कार्ड अन्य सभी बैंकों से लिंक होने के बाद ग्राहकों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। चित्रकूटधाम मंडल में नोटबंदी के बाद अब तक 20 हजार नए ग्राहकों ने खाते खुलवाए हैं। ग्राहक कैशलेस सोसायटी में भागीदारी को आगे आ रहे हैं। इस समय डाक के एटीएम कार्ड को बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं।
हाल में विभाग के एटीएम कार्ड को अन्य बैंकों से लिंक करा दिया गया है। इसका असर कार्ड के आवेदनों पर पड़ने लगा है। अब डाक के ग्राहक कार्ड के द्वारा अन्य बैंकों के एटीएम से भी कैश की निकासी तथा खरीददारी कर सकते हैं। इससे पहले तक कार्ड केवल विभाग के एटीएम में काम करते थे। लेकिन अब यह बंदिश खत्म हो गई है।
यही कारण है कि बड़ी संख्या में आवेदन आने लगे हैं। मंडलीय परिवाद निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत विभाग ने खुद को तकनीक में तेजी से ढालने का प्रयास शुरू कर दिया है। इस समय विभाग का सुविधाएं बढ़ाने पर जोर है। इसे सरकार की कैशलेश सोसायटी से भी जोडकर देखा जा रहा है। अभी तक दिक्कत कोर बैंकिंग साल्यूशन (सीबीएस) की आ रही थी। लेकिन अब यहां नेट बैंकिंग निर्बाध चल रही है। लगभग सभी डाकघरों को इस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है।
डाक विभाग में बचत खाता धारकों को अब बैंकों की तर्ज पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ मिलेगा। डाक अधीक्षक डीएस द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत ग्राहकों के खातों से वार्षिक प्रीमियम सिर्फ 12 रुपये कटौती होगी। इसके बदले उन्हें दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा। 18 से 70 वर्ष आयु वाले ग्राहक इसका लाभ उठाएंगे। इसी तरह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 330 रुपये वार्षिक प्रीमियम कटेगा। बदले में दो लाख रुपये का जीवन बीमा मिलेगा।
नोटबंदी के बाद विभाग की ग्राहक संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ हुआ है। मंडल में अब तक 20,405 लोगों ने डाक विभाग में बचत खाते खुलवाए हैं। बांदा साउथ में 5,786 और नार्थ में 3,173, हमीरपुर में 3,511, महोबा में 5,700 और कर्वी में 2,235 नए खाताधारक डाक विभाग से जुड़े हैं। एटीएम कार्ड धारकों की भी संख्या बढ़ रही है। बांदा में 6, हमीरपुर में 5 और कर्वी जिले में 12 ग्राहक एटीएम कार्ड से लेनदेन कर रहे हैं।