बांदा/ बबेरू । दुकान खोलते समय शटर में उतर आए करंट से चिपककर दुकानदार की मौत हो गई। उसे चिपका देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। दूसरी घटना में ई रिक्शा पलट जाने से उसमे सवार पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई और उसकी मां व नाना गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से चिल्ला थाना क्षेत्र के सहूरपुर गांव का रहने वाला रामकरन वर्मा (45) पुत्र मंगी यहां बिजली खेड़ा मोहल्ले में किराए के मकान में रहता था। घर के नजदीक ही लोहे की गुमटी पर किराने की दुकान किए था। रोजमर्रा की तरह रविवार को सुबह वह दुकान खोल रहा था तभी शटर में उतरे करंट से चिपक गया। उसकी वहीं मौत हो गई।
आसपास के लोगों में हड़कंप मच गई उसे गुमटी से अलग कर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री हैं।
दूसरी घटना मर्का थाना क्षेत्र की है। बबेरू संवाद न्यूज के मुताबिक पिंडारन गांव से रविवार को सुबह छोटा (50) पुत्र सुकुरुवा अपनी पुत्री सीता (25) पत्नी बिंदा के साथ ई रिक्शा पर मुरवल गांव जा रहा था। साथ में सीता का पांच वर्षीय पुत्र श्रीकिशन भी था।
गांव से रवाना होने के बाद तेज रफ्तार ई रिक्शा चालक की चूक से रास्ते में पतवन गांव के पास असंतुलित होकर नाले में पलट गया। उस पर सवार सभी यात्री दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। इस बीच बालक श्रीकिशन की वहीं मौत हो गई। छोटा और सीता को घायल अवस्था में बबेरू सीएचसी लाया गया। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, बालक का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।