जसपुरा (बांदा)। कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता निवासी मोहम्मद निहाल (24) का शव मंगलवार को जसपुरा के एक तीन मंजिला गेस्ट हाउस के नीचे सड़क पर पड़ा मिला। वह पचखुरा गांव के सुमित यादव की बरात में शामिल होने के लिए जसपुरा आया था। पुलिस प्रथम दृष्टया गेस्ट हाउस से गिरकर मौत होना मान रही है। हालांकि निहाल के पिता ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर हत्या की आशंका जताई है।
जसपुरा निवासी कन्हैया लाल यादव की पुत्री कोमल की शादी सोमवार की रात थी। बरात कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के पचखुरा गांव से आई थी। बरात को ठहराने के लिए कस्बे में ही तेजीय पैलेस नामक गेस्ट हाउस में इंतजाम किया गया था। बरात में दूल्हे सुमित यादव के कई मित्र भी आए थे। उनमें मोहम्मद निहाल भी था। शादी की रस्म होने के बाद बराती तीन मंजिला गेस्ट हाउस में सोने के लिए चले गए थे।
मंगलवार सुबह बरातियों और घरातियों ने देखा तो निहाल का शव गेस्ट हाउस के बाहर सड़क पर पड़ा था। उन्होंने एंबुलेंस से उसे जसपुरा सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। बरातियों ने पुलिस और निहाल के परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे निहाल के पिता जमालुद्दीन ने आशंका जताई है कि उनके पुत्र की सिर पर रॉड मारकर हत्या की गई है। निहाल उनका इकलौता बेटा था। वह ड्राइवरी करता था। घर में उसकी पत्नी अलशिफा और एक बेटा सात माह का हमजा नूर है। मां फरीदा बेगम हैं।
घटना के बाद शादी की शेष रश्में लड़की के घर से अदा की गईं। जसपुरा थाना प्रभारी अनुपमा तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया छत से गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सही स्थिति पता चलेगी।
पिता का आरोप, गेस्ट हाउस में नहीं लगे सीसीटीवी, संचालक भी नहीं मिला
हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे निहाल के परिजनों ने गेस्ट हाउस में जाकर पूछताछ की। उनको बताया गया कि यह गेस्ट हाउस नहीं बल्कि वृद्धा आश्रम हैं और यह तेजिया पैलेस के नाम से चलता है। निहाल के पिता जमालुद्दीन ने बताया कि गेस्ट हाउस में मानक के अनुसार सीसीटीवी नहीं लगे हुए हैं। उधर, गेस्ट हाउस में ताला लगा कर संचालक भाग गया है।
मुशर्रफ खां