बबेरू (बांदा)। दो दिन से लापता किसान का शव तालाब में पड़ा मिला। पुलिस ने तालाब में कांटा डालकर शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने बरछी से हत्या की आशंका जताई है। गले नुकीले घाव के निशान हैं। हालांकि पुलिस उन घाव को कांटा के घाव बता रही है।
कोतवाली क्षेत्र के पतवन गांव निवासी विनोद सिंह (45) अपने घर से 28 नवंबर की दोपहर घर से निकले थे। तब से यह लापता थे। रात में घर नहीं आने पर पत्नी भावना सिंह ने 29 नवंबर को बबेरू कोतवाली में पति के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन तलाश कर रहे थे। शनिवार की सुबह विनोद के खेत में पीपल के पेड़ के पास उनका चश्मा मिला। परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आशंका पर पास ही स्थित तालाब में कांटा डलवाया तो शव कांटे में फंसकर बाहर निकल आया। घटनास्थल का बबेरू कोतवाली पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने मौका मुआयना किया है।
बड़े भाई विमल सिंह ने हत्या की आशंका जताई है। गले और आंख में घाव की बात कही है। हालांकि उन्होंने किसी से कोई रंजिश नहीं बताई है। कोतवाली में तहरीर भी नहीं दी है।
तालाब में कांटा डलवाकर शव की तलाश की जा रही थी, संभवत: कांटा लगने से नुकीले घाव हुए हैं। खून भी ताजा प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसान का मोबाइल नंबर भी सर्विलांस में लगाया गया है। -बलराम सिंह, कोतवाली इंस्पेक्टर, बबेरू।