उत्तर प्रदेश में बांदा के करतल में बालू के ओवरलोड ट्रक सरकारी संपदा और किसानों के खेतों को लगातार चपत लगा रहे हैं। सिंचाई विभाग का मुख्य नहर पुल तोड़ने के बाद अब बालू ठेकेदारों ने मुख्य नहर की धारा रोककर ट्रकों के लिए आरपार रास्ता बना लिया है। नहर का पानी आगे बढ़ने से बाधित हो गया है।
सिंचाई विभाग के अभियंता ने बालू ठेकेदारों को 15 दिन की मोहलत देते हुए टूटा पुल दुरुस्त कराने और नहर में बनाए रास्ते को हटाने के निर्देश दिए हैं। सीमावर्ती मध्य प्रदेश से रोजाना सैकड़ों की संख्या में बालू के ओवरलोड ट्रक यहां भंवर पुरवा हेड मुख्य नहर पर बने पुल से गुजरते रहे हैं। पिछले दिनों सिंचाई विभाग का यह पुराना पुल टूट गया।
अब बालू ठेकेदारों ने नहर में मिट्टी भरकर जलधारा को रोकते हुए आरपार रास्ता बनाकर ट्रकों का आवागमन चालू कर दिया है। बिल्हरका गांव के पास केन नदी से हो रहे खनन के ट्रक इससे गुजर रहे हैं। नहर का पानी बांधने से आगे के गांवों में सिंचाई ठप हो गई है। ओवरलोड ट्रक नहर में बने दोनों पुल और पैराफिट दीवारों को ध्वस्त कर चुके हैं। सिंचाई प्रखंड तृतीय के सहायक अभियंता डीपी सिंह ने बालू ठेकेदारों द्वारा तोड़े गए पुल के नजदीक नहर में बनाए गए अवैध रास्ते का निरीक्षण किया।
अवैध खनन
- फोटो : अमर उजाला
ठेकेदारों को चेतावनी दी कि 15 दिन में पुल की मरम्मत न कराई और अवैध रास्ता न हटाया तो उनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उधर, पानी आगे न बढ़ने से सिंचाई के अलावा पशुओं को भी पीने का पानी नहीं मिल रहा। किसान मंगल सिंह, गोपाल, नत्थू, हरीलाल, मोती सिंह, मुन्ना सिंह, लल्लू आदि ने बताया कि नहर बंद करने से उनके खेत सूख रहे हैं।
एमपी के असलहाधारी पैदा कर रहे खौफ
सीमावर्ती मध्य प्रदेश के बालू माफिया असलहों के बलबूते खौफ पैदा करके बिल्हरका, नेढ़ुवा, बड़ैछा, रेहुंची आदि गांवों में केन नदी से अवैध खनन कर रहे हैं। यहां की 14 ग्राम पंचायतों और 24 मजरों में इन असलहाधारियों की तूती बोल रही है। बालू ठेकेदारों के असलहाधारी गुर्गे शाम से ही पुलिस चौकी क्षेत्र में लग्जरी वाहनों में धमाचौकड़ी शुरू कर देते हैं।
मध्य प्रदेश के दबंग यूपी इलाके में खौफ फैला लोगों को अवैध बालू कारोबार का विरोध न करने को मजबूर कर रहे हैं। एमपी के ग्वालियर, सतना, इंदौर, छतरपुर, भोपाल आदि के बालू माफिया की रोजाना चहलकदमी चल रही है। किसानों ने बताया कि उन्हें नदी के रास्ते में पंप सेट या बैलगाड़ी खड़ी करने पर भी रोक लगा दी है। उधर, सीओ नरैनी सियाराम ने कहा कि फिलहाल किसी ने इसकी सूचना नहीं दी है, लेकिन अब पता चला है तो इस पर कार्रवाई की जाएगी।