कमासिन। टूटकर गिरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोरी की मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है। बिजली विभाग पर लापरवाही का ठीकरा फोड़ रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि ने कहा कि तार टूटने की सूचना सब स्टेशन में दी गई थी, फिर भी सुध नहीं ली गई।
थाना क्षेत्र के ओझा नगर में बुधवार को सुबह करीब 10 बजे राममिलन पटेल की पुत्री पुष्पा देवी (16) भैंस चराने जा रही थी। जमीन में टूटी पड़ी 11 हजार हाईटेंशन लाइन में उसका पैर पड़ गया और करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया बिजली विभाग की लापरवाही से घटना हुई। लापरवाह बिजली कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान प्रतिनिधि धीरेंद्र शुक्ला ने बताया कि तार टूटकर गिरने की सूचना कमासिन पावर हाउस और लाइनमैन को दी गई थी। लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। नतीजे में लापरवाही की कीमत किशोरी की जान से चुकाना पड़ी। बिजली अधिकारियों से कार्रवाई कर लापरवाह कर्मियों को दंडित करने की मांग की।
इंस्पेक्टर रामाश्रय सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।