बांदा। ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में प्राथमिक शिक्षक संघ सहित कई संगठन सड़क पर उतरे। जुलूस निकालकर विरोध जताया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए को देकर ऑनलाइन हाजिरी के पहले उनकी समस्याओं के निस्तारण की मांग की। कहा कि दुर्गम रास्ते और बिना नेटवर्क के डिजिटल हाजिरी संभव नहीं है। इसमें छूट दी जाए। इस दौरान महिला शिक्षक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी की अगुवाई में सोमवार को जनपद के शिक्षक पंडित जेएन महाविद्यालय में इकट्ठा हुए। दोपहर करीब तीन बजे कॉलेज से लेकर बीएसए कार्यालय तक तख्तियां लेकर जुलूस निकाला। बीएसए कार्यालय के सामने धरना देकर ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में आक्रोश जाहिर किया।
जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने कहा कि हम ऑनलाइन हाजिरी के विरोधी नहीं हैं। विभागीय उच्चाधिकारी समाज में भ्रम फैला रहे हैं। इसमें आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान, विधिवत नियमावली तथा समस्याओं के बिना समाधान किए यह व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है। शिक्षक अभी विद्यालय जा रहे हैं और बच्चों को पढ़ा रहे हैं। ड्यूटी के बाद अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है।
जिला संयुक्त मंत्री जय दीक्षित ने कहा कि समस्याओं के निराकरण को कई बार शासन को पत्र लिखा गया है। शासन से वार्ता के बाद भी आज तक इनका निराकरण नहीं हुआ। कार्यक्रम को मंत्री प्रजीत सिंह व कोषाध्यक्ष रामसुफल, शिक्षामित्र बेलफेयर एसोसिएशन जिलाध्यक्ष फूल सिंह आदि ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन में राममिलन द्विवेदी, राजेश तिवारी, डॉ. इदरीश मोहम्मद, निकहत रशीद, सुनीता प्रजापति, डॉ. नंदिता चौहान, अंजना, पूनम यादव, संगीता सिंह, रंजना यादव व आशीष द्विवेदी सहित सभी जिला व ब्लाक के पदाधिकारी शामिल रहे।
स्कूलों की कान्वेंट से तुलना करना उचित नहीं
शिक्षक शिक्षामित्र अनुदेशक कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने भी जुलूस निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। डीएम को दिए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा कि यह आदेश अव्यावहारिक है। शिक्षकों को दंडित करने का भय दिखाकर ऑनलाइन हाजिरी को बाध्य किया जा रहा है। कान्वेंट व व अन्य सरकारी विभागों से तुलना करना उचित नहीं है। विद्यालयों पहुंचने के दुर्गम रास्ते हैं और नेटवर्क की समस्या है। अपनी सात सूत्री समस्याओं को हल करने की मांग की। इस मौके पर जेपी सिंह, अनूप सिंह, सुधा सिंह राजपूत, डीसी श्रीवास्तव, शैलेंद्र कुमार मिश्रा आदि उपस्थित रहे।