बांदा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित 23 सूत्री ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा। पदाधिकारियों ने कहा कि एनपीएस की धनराशि और पुरानी पेंशन योजना फिर लागू करने आदि की मांगे पूरी नहीं हुईं तो शिक्षक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
संघ के मंडलीय मंत्री मेजर मिथलेश कुमार पांडेय की अगुवाई में लंबित मांगों के समर्थन में दोपहर डीआईओएस दफ्तर पर शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि स्थानीय स्तर पर कई समस्याएं लंबित हैं। नई पेंशन स्कीम के तहत सरकार द्वारा दिए जाने वाले अंश को लंबे समय से रोक कर रखा हुआ है। जिलाध्यक्ष संदीप कुमार गर्ग, जिलामंत्री रमेशचंद्र, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश तिवारी ने कहा कि यदि सरकार मांगों का संज्ञान नहीं लेती तो बड़े आंदोलन होंगे। प्रधानाचार्य परिषद जिलाध्यक्ष यमुना प्रसाद पांडेय, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी, प्रधानाचार्य राकेश सिंह पटेल, मनोज मिश्रा, पतिराखन सिंह, बृजमोहन सिंह, संतोष द्विवेदी, रामचंद्र सोनकर, जितेंद्र सिंह, मंगल प्रसाद, शिव दत्त त्रिपाठी, राजकिशोर शुक्ल आदि उपस्थित रहे।