जसपुरा। कानपुर देहात के बरौली गांव निवासी हरिशंकर गुप्ता (50) पड़ोसी साथी नरेंद्र कुमार (28) के साथ शनिवार को सुबह बाइक से चित्रकूट जा रहे थे। जसपुरा के सिकहुला गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवारों को ओवरटेक करते हुए साइड से टक्कर मार दी।
इससे बाइक चालक हरिशंकर गुप्ता की मौत हो गई। नरेंद्र को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है। बड़े भाई रामनरेश ने बताया कि हरिशंकर चाट का ठेला लगाता था। उसके दो पुत्र एक पुत्री हैं। घर में पत्नी गुड्डन है। बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा टैंकर चालक की लापरवाही से हुआ है।
बाइक चालक हेलमेट भी नहीं लगाए था। नरेंद्र का इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष अनुपमा तिवारी ने बताया कि चालक टैंकर लेकर भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।