आपरेशन रूम में महिला मरीज से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए परिजनों ने एक प्राइवेट नर्सिंगहोम में जमकर हंगामा किया। अस्पताल के फर्नीचर और शीशे तोड़ डाले गए। पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। ये सभी मरीज के साथ आए थे।
हमीरपुर जनपद के रमेड़ी तरौस की गोमती (26) पत्नी विनोद प्रजापति शनिवार को अपने पति के साथ यहां इंदिरा नगर स्थित एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के नर्सिंगहोम मेें इलाज कराने आई थी। सीढ़ियों से गिरने पर उसके बाएं हाथ की उंगलियों में गंभीर चोट आ गई थी। सोमवार को वह पति व ननद के साथ आपरेशन के लिए नर्सिंगहोम आ गई। शाम को उसका आपरेशन हुआ। आपरेशन थिएटर से मरीज के बाहर आते ही पति विनोद ने डाक्टर और उसके स्टाफ पर बेहोशी हालत में महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
डाक्टर और स्टाफ क्लीनिक बंद कर चले गए। सूचना पर रात को सिविल लाइंस चौकी पुलिस ने पीड़ित महिला से पूछताछ कर मामला रफादफा कर दिया। मंगलवार को दोपहर परिजनों ने फिर बवाल शुरू कर दिया। पति विनोद प्रजापति, ससुर रामजीवन, सास सरवन और नंद अनुसूइया व उसके पति मातादीन ने ईंट और लोहे की राड से क्लीनिक में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
फर्नीचर और खिड़कियों के शीशे चकनाचूर कर दिए। वहां मौजूद कई मरीज और तीमारदार बाहर भाग गए। डाक्टर और स्टाफ ने भी किसी तरह खुद को बचाया। कुछ ही देर में कोतवाली पुलिस ने आकर उपद्रव कर रहे विनोद, रामजीवन व मातादीन को हिरासत में ले लिया। बाद में महिला थानाध्यक्ष रीता सिंह ने सास सरवन और नंद अनुसूइया को भी पकड़ लिया। सभी को कोतवाली भेज दिया गया। देर शाम तक पांचोें लोग कोतवाली में थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फिलहाल डॉक्टर या मरीज दोनों ही पक्षोें ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घटना की जांच की जा रही है।